भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 562 हो गई है, इनमें से 512 लोगों का इलाज चल रहा है। तमिलनाडु में एक व्यक्ति की मौत के साथ देश में कुल मृतकों की संख्या 11 तक पहुंच गई। भारत ने ईरान में फंसे 277 भारतीय यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया है वहीं, पूरे देश में 21 दिनों के लिए लॉकडाउन घोषित किया गया है।
दुनियाभर में 4 लाख से ज्यादा मामले-
कोरोना वायरस पूरी दुनिया में तेजी से फ़ैल रहा है। पहले 67 दिनों में कोरोना वायरस के 1 लाख मामले सामने आए। इसके बाद कोरोना वायरस को दो लाख लोगों तक पहुंचने में 14 दिन, तीन लाख तक पहुँचने में 4 दिन और चार लाख तक पहुंचने में 3 दिन का समय लगा। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि यह कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है। दुनियाभर में अभी 4,22,000 से ज्यादा मामले सामने आये हैं। 18,901 लोग इस संक्रमण से अपनी जान गंवा चुके हैं वहीं, 109,102 लोग इस बीमारी से सही हो चुके हैं।
इटली और अमेरिका में सबसे ज्यादा कहर, जी-20 देशों से यह अपील-
कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में तेजी से पांव पसारे हैं इटली और अमेरिका जैसे देशों ने भी इसके सामने घुटने टेक दिए। इटली में 69,176 मामले और अमेरिका 54,823 मामले सामने आये हैं। इटली में 6,820 लोगों की मौत तो अमेरिका में 778 लोगों ने अपनी जान गंवाईं है। अब चीन इस महामारी से करीब-करीब बाहर निकल गया है, लेकिन दुनिया के कई देशों को उसने मुसीबत में डाल दिया है। इन देशों में कुछ देशों की आर्थिक हालात ठीक नहीं हैं जिसकी वजह से उन देशों पर संकट और भी गहरा गया है। एशिया और दक्षिण अफ्रीका के देशों में अगर यह वायरस तेजी से फैला तो इसके गंभीर परिणाम सामने आएंगे। ऐसे में विश्व बैंक के प्रेसिडेंट डेविड मालपास ने जी—20 देशों से अपील की है कि कोरोना के कहर को देखते हुए वे दुनिया के सबसे गरीब देशों को दिए कर्ज की वसूली फिलहाल रोक दें।
देश | कुल मामले | कुल मौतें |
इटली | 69,176 | 6,820 |
अमेरिका | 54,823 | 778 |
स्पेन | 42,058 | 2,991 |
जर्मनी | 32,991 | 159 |
ईरान | 24,811 | 1,934 |
फ़्रांस | 22,304 | 1,100 |
स्विट्जरलैंड | 9,877 | 122 |
द. कोरिया | 9,137 | 126 |
ब्रिटेन | 8,077 | 422 |
नीदरलैंड | 5,560 | 276 |