उत्तराखंड में आज देहरादून से तीन और उधमसिंह नगर से दो कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इस तरह पांच नए मामले आने के बाद प्रदेश में कुल मामलों की संख्या 151 हो गई है। आज ऋषिकेश में सैंपल जांच के बाद तीन लोगों में कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें दो मरीज ऋषिकेश के ही रहने वाले हैं जिसमे एक पुरुष और एक महिला शामिल है, जबकि एक मरीज हरिद्वार लक्सर का रहने वाला है।
इसके अलावा आज उधमसिंह नगर से दो मामले सामने आए, एक युवक दिल्ली से लौटा था। वहीं, एक अन्य 46 वर्षीय व्यक्ति मुंबई से लौटा था। दोनों जसपुर में क्वारंटाइन सेंटर में हैं। उनकी ट्रैवल हिस्ट्री को खंगाला जा रहा है। आज दो मरीज ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए। इस तरह अब तक कुल 56 मरीज ठीक हो गए हैं। वहीं, 94 मरीजों का इलाज चल रहा है। सबसे ज्यादा एक्टिव केस उधमसिंह नगर (26) है। इसके बाद देहरादून में 22 एक्टिव केस हैं। आज कुल 1007 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई। 1280 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं इस तरह कुल 1968 सैंपल्स की रिपोर्ट आनी बाकी हैं।
उत्तराखंड कोरोना ग्राफ-
जिला | कुल मामले | एक्टिव केस | ठीक हुए |
देहरादून | 54 | 22 | 31 |
हरिद्वार | 10 | 03 | 07 |
उ.सिं.नगर | 31 | 26 | 05 |
नैनीताल | 28 | 18 | 10 |
पौड़ी | 04 | 03 | 01 |
अल्मोड़ा | 04 | 03 | 01 |
उत्तरकाशी | 07 | 06 | 01 |
बागेश्वर | 06 | 06 | 00 |
टिहरी | 06 | 06 | 00 |
चमोली | 01 | 01 | 00 |
कुल | 151 | 94 | 56 |
ऋषिकेश में तीन हॉट-स्पॉट हटाए-
कोरोना सक्रंमण पाए जाने पर ऋषिकेश के शिवा एनक्लेव, आवास विकास और 20 बीघा क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित कर सील कर दिया गया था, वहीं अब इन क्षेत्रों में तीन सप्ताह के अंदर कोई भी कोरोना वायरस मरीज नहीं पाया गया है। जिसके बाद जिलाधिकारी के आदेश पर इन सभी क्षेत्रों को खोल दिया गया है। पुलिस द्वारा बैरिकेड हटने पर स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है।
यह भी पढ़ें-चिंताजनक: उत्तराखंड में कोरोना का डबलिंग रेट 45 से घटकर 10 दिन हुआ