देहरादून : शनिवार को उत्तराखंड के कुछ पहाड़ी जगहों पर बारिश के बाद तापमान में थोड़ी बहुत गिरावट दर्ज की गई लेकिन अगले दो तीन दिन भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अगले दो-तीन दिन मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब सहित दूसरे राज्यों में भी गर्मी का प्रकोप रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 अप्रैल की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होगा, जिसका असर उत्तर पश्चिमी भारत के मौसम पर पड़ने की संभावना है। इसके प्रभाव के तहत 19 और 20 अप्रैल को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में और 20 अप्रैल को पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश के आसार हैं। इसके अलावा गरज और बिजली गिरने की भी संभावना है।
उत्तराखंड में 20 और 21 अप्रैल को राज्य के पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है। जबकि राज्य के मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत नहीं रहेगी। मौसम शुष्क रहेगा। फिल्हाल उत्तराखंड मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
दूसरी तरफ शनिवार को उत्तराखंड में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान खटीमा में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ तो वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा तापमान पिथौरागढ़ में 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को देहरादून में तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया जोकि इस साल सबसे अधिक है।